राष्ट्रीय खेल दिवस पर एसएसबी जवानों ने दिखाया खेल कौशल, हॉकी-फुटबॉल समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित
सुपौल, 30 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की ओर से 29 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में किया गया।
इस दौरान एसएसबी के जवानों के लिए हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल प्रतियोगिता एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में वाहिनी की विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। जवानों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय का परिचय दिया।
आयोजित खेल गतिविधियों का उद्देश्य जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय एवं खेल भावना को बढ़ावा देना रहा। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से जवानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ भाईचारे, सौहार्द और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों से जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उनके मनोबल और कार्यकुशलता को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के माध्यम से ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ और ‘फिट इंडिया’ के संदेश को भी बढ़ावा दिया गया।
45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की ओर से जवानों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की खेल गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र