अंग प्रदेश में महात्मा गांधी विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार का होगा आयोजन

 




भागलपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र परामर्शदातृ समिति की बैठक बुधवार को प्रकाश चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्धारित एजेंडे पर विस्तार से चर्चा किया गया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि पूर्व में लिए गए निर्णय के आलोक में गांधी जी के भागलपुर आगमन के शताब्दी वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम अंग प्रदेश में महात्मा गांधी विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार आयोजन के लिए व्यापक पहल किया जाएगा। सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर वैश्विक शांति के लिए ईरान और अमेरिका द्वारा किया गया युद्ध विराम की घोषणा का स्वागत किया गया।

सदस्यों की राय में वैश्विक शांति के लिए उठाया गया यह कदम स्वागत योग्य है। इसलिए हम इसका स्वागत करते हैं और युद्धरत सभी देशों से आग्रह करते हैं कि शांति ही सभी समस्याओं का समाधान है। लड़ाई से लड़ाई का अंत नहीं होता है। मित्रता से ही लड़ाई का अंत होता है। इसलिए गांधी जी का अहिंसावादी सिद्धांत को अंगीकार करते हुए वैश्विक शांति के लिए उठाया गया कदम सराहनीय है। हम इसे स्थायित्व प्रदान करने की अपील करते हैं।

बैठक में डॉक्टर मनोज कुमार पूर्व कुलपति अंतरराष्ट्रीय गांधी हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा, अरविंद कुमार रामा, डॉ उमेश प्रसाद नीरज, संजय कुमार, वासुदेव भाई, मोहम्मद तकी अहमद जावेद, डॉ जयंत जलद, मदन कुमार, प्यारी देवी अनीता शर्मा सहित कई लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर