राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ई-चालानों का होगा त्वरित निपटारा: डीटीओ
कटिहार, 11 सितंबर (हि.स.)। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ई-चालानों के सरल एवं त्वरित निष्पादन को लेकर जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 90 दिनों से अधिक अवधि से लंबित ई-चालानों के निस्तारण तथा 'एक मुश्त यातायात चालान निपटान योजना 2026' के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से विचार-विमर्श कर कार्ययोजना बनाई गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारी तथा जिले के विभिन्न परिवहन संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और अधिक से अधिक चालानों के सुलहनीय समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके साथ ही वाहन मालिकों और चालानधारकों को लोक अदालत की प्रक्रिया से अवगत कराने पर विशेष बल दिया गया।
लंबित मामलों के निष्पादन को आसान बनाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संघ प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया गया कि वे अपने स्तर से वाहन स्वामियों व चालकों तक इस राहत योजना की जानकारी पहुंचाएं।
उल्लेखनीय है कि लंबित ई-चालानों के समाधान के लिए 07 सितंबर से ही प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले से प्री-रजिस्ट्रेशन करा लें, ताकि 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में बिना किसी भागदौड़ के उनके मामलों का समय पर निस्तारण हो सके।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनुपालन अनिवार्य है और चालानों का समयबद्ध निपटारा वाहन मालिकों और प्रशासन दोनों के लिए सुविधाजनक है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह