12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, मनिहारी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), कटिहार के तत्वावधान में मनिहारी प्रखंड सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल जज-सह-सचिव (डीएलएसए) कमलेश सिंह देऊ द्वारा किया गया। इस दौरान आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार तथा अधिकाधिक मामलों के निष्पादन को लेकर विमर्श किया गया।
डीएलएसए सचिव कमलेश सिंह देऊ ने बताया कि 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित सुलहनीय आपराधिक वाद, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, दावा वाद, एनआई एक्ट (चेक बाउंस) सहित बैंक ऋण, बीएसएनएल एवं बिजली विभाग से संबंधित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन कराया जाएगा।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद न्याय मित्रों, मुखिया, सरपंच तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में आमजनों को राष्ट्रीय लोक अदालत से मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक करें और लंबित मामलों को आपसी सुलह के जरिए निपटाने के लिए प्रेरित करें, जिससे लोगों के समय और पैसे की बचत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्याय रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय लोक अदालत के विधिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता धनंजय झा ने उपस्थित लोगों को विधिक सेवा प्राधिकार के विभिन्न आयामों और निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), प्रखंड कर्मी, पीएलवी पवन कुमार सहित अन्य पारा विधिक स्वयंसेवक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह