राष्ट्रीय लोक अदालत 9 मई को, जनप्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण
कटिहार, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के तत्वावधान में आगामी 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। प्रस्तावित लोक अदालत को सफल बनाने के लिए गुरुवार को जन जागरूकता अभियान के तहत जिले के जनप्रतिनिधियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
जिला पंचायत संसाधन केंद्र कटिहार, मनसाही, डंडखोरा, प्राणपुर एवं समेली प्रखंड के प्रमुख, मुखिया, सरपंच, उप-सरपंच, ग्राम कचहरी न्यायमित्र और ग्राम कचहरी सचिवों को प्रशिक्षित किया गया। इसी क्रम में प्रखंड सभागार कोढ़ा में बरारी एवं कोढ़ा तथा प्रखंड सभागार कुर्सेला में समेली, कुर्सेला एवं फलका प्रखंड के जनप्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षण मिला।
प्रशिक्षण अवर न्यायाधीश-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार कमलेश सिंह देउ, चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल विजय श्रीवास्तव एवं डिप्टी चीफ लीगल एंड डिफेंस काउन्सिल देव कुमार झा द्वारा दिया गया। प्रशिक्षकों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से समझौता योग्य दीवानी, राजस्व, बैंक ऋण, बिजली, जल विवाद सहित अन्य वादों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया, लाभ एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।
कमलेश सिंह देउ ने बताया कि लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से मामले का निस्तारण होता है। इसमें न तो कोई कोर्ट फीस लगती है और न ही निर्णय के खिलाफ अपील होती है। ग्राम कचहरी स्तर पर लंबित छोटे विवादों को लोक अदालत में लाकर ग्रामीणों को त्वरित न्याय दिलाया जा सकता है।
शेष प्रखंडों के जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रशिक्षण तय किया गया है। 02 मई को प्रखंड सभागार मनिहारी में अमदाबाद एवं मनिहारी, 04 मई को प्रखंड सभागार बारसोई में बारसोई एवं बलरामपुर तथा उसी दिन प्रखंड सभागार कदवा में कदवा एवं आजमनगर प्रखंड के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने समझौता योग्य मामलों को लेकर पहुंचे और त्वरित न्याय का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह