नशे के खिलाफ युवा आवाज: जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अव्वल रहे नौ विद्यार्थियों को डीएम व डीडीसी ने किया पुरस्कृत

 


कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। 'नशा मुक्ति दिवस 2026' के अवसर पर जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। वाद-विवाद, चित्रकला और भाषण सहित तीनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल नौ मेधावी प्रतिभागियों को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी द्वारा नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) की देशभक्ति, महापुरुषों से संबंधित तथा ज्ञानवर्धक पुस्तकें प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। जिला स्तर पर संपन्न हुई इन प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न प्रखंडों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।

प्रतियोगिता के घोषित परिणामों के अनुसार, वाद-विवाद प्रतियोगिता में कोढ़ा प्रखंड स्थित सरस्वती विद्यालय निकेतन, दिघरी के नौवीं कक्षा के छात्र परीक्षित त्रिपाठी (पिता- राकेश कुमार, माता- रितु कुमारी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अमदाबाद प्रखंड के उ. उ. मा. विद्यालय, जंगल गोपालपुर की नौवीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी (पिता- मुकेश कु० साह, माता- आरती कुमारी) द्वितीय तथा बलरामपुर प्रखंड के उ.उ.मा. वि., हरनागर के नौवीं कक्षा के छात्र सुमन कुमार राय (पिता- नन्दकिशोर राय, माता- शोभी देवी) तृतीय स्थान पर रहे।

इसी प्रकार, जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में कोढ़ा प्रखंड के प्रो. क. उ. वि., कोढ़ा की 11वीं की छात्रा खुशी कुमारी (पिता- मंगल मंडल, माता- बेबी देवी) ने पहला स्थान हासिल किया। बरारी प्रखंड के उ. उ. मा वि., लक्ष्मीपुर की नौवीं की छात्रा कोमल कुमारी (पिता- ललन कु. मेहता, माता- रामी देवी) ने द्वितीय तथा मनसाही प्रखंड के उ. मा. वि., मोहनपुर के नौवीं के छात्र हिमांशु कुमार सिंह (पिता- संजय सिंह, माता- गौरी कुमारी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में फलका प्रखंड के प्रो. रा. उ. वि., फलका की 11वीं की छात्रा शांति शिवानी (पिता- मनीष कुमार मंडल, माता- रूपा भारती) प्रथम, अमदाबाद के उ. उ. मा. वि., जंगलाटाल की 11वीं की छात्रा सिमरन शमीम (पिता- मो. मिनहाज हुसैन, माता- फिरदौस बानू) द्वितीय तथा मनसाही के +2 उ. वि., फुलहारा गोरगामा के 11वीं के छात्र माधव कुमार (पिता- भूवनेश्वर तिवारी, माता- रानी देवी) तृतीय स्थान पर रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह