नशा मुक्त भारत के संकल्प से जुड़े बक्सर के युवा, प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से हुए प्रेरित

 


बक्सर, 02 अगस्त (हि.स.)।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा माय भारत के तत्वावधान में राजकीय अभियंत्रण कॉलेज, बक्सर में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर उनका प्रेरणादायी संबोधन सुना।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी साहिला एवं उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। दोनों अधिकारियों ने युवाओं से न केवल स्वयं नशे से दूर रहने, बल्कि समाज में जनजागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं राजकीय अभियंत्रण कॉलेज के प्राचार्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों से भी युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी युवाओं ने नशा मुक्त युवा–विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा नशामुक्त और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra