फारबिसगंज कॉलेज में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत नशा मुक्ति का शपथ

 




अररिया, 02 अगस्त(हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के तत्वावधान में जिला प्रशासन की ओर से फारबिसगंज कॉलेज फारबिसगंज में रविवार को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत युवाओं और मौजूद लोगों को नशा मुक्ति को लेकर शपथ दिलाया गया।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के साथ पूर्व मंत्री एवं सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल, नरपतगंज की विधायक देवयंती देवी,डीएम विनोद दूहन,एसपी जितेंद्र कुमार,मुख्य पार्षद वीणा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर के युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है। स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा न केवल अपने परिवार एवं समाज को सशक्त बनाते हैं, बल्कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर युवाओं को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत के संकल्प के तहत शपथ दिलाई गई। शपथ में युवाओं ने किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थ का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।संकल्प के तहत युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने, अपने परिजनों, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त युवा शक्ति के निर्माण के लिए सदैव समर्पित रहने का प्रण लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशासनिक,पुलिस अधिकारियों के साथ कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर