नशामुक्त बिहार अभियान: कटिहार में 27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा सघन जागरूकता अभियान

 

कटिहार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। नशामुक्त बिहार के संकल्प को धरातल पर उतारने और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से जिले में 27 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक एक माह का विशेष सघन जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इस राज्यव्यापी अभियान का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार, 27 अक्टूबर को माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना स्थित अधिवेशन भवन से किया जाएगा। जिले में इस अभियान के प्रभावी और सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बिंदुवार दिशा-निर्देश जारी किए गए।

स्कूलों-कॉलेजों में चलेगा अभियान, निकाली जाएंगी रैलियां

अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। विद्यालयों, कॉलेजों एवं कोचिंग संस्थानों में छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, परिचर्चा और सामूहिक नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वार्ड और पंचायत स्तर पर महिलाओं व युवाओं की होगी भागीदारी

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस अभियान को केवल सरकारी स्तर तक सीमित न रखकर जन-आंदोलन का रूप दिया जाए। इसके लिए पंचायत और वार्ड स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) को जोड़ा जाएगा। अभियान में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक नशे के सामाजिक, आर्थिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी पहुंच सके।

विभागीय समन्वय और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर

जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पोस्टर, बैनर, नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रचार माध्यमों से नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह