प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर भाजपा का महीने भर चलेगा 'सेवा अभियान' : संजय सरावगी

 


पटना, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा माह’ के रूप में व्यापक अभियान चलाएगी।

इस अभियान के दौरान सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इसी अभियान की तैयारियों को लेकर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना स्थित अटल सभागार में राज्य स्तरीय प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपा पूर्व से ही ‘सेवा पखवाड़े’ के रूप में मनाती रही है, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के महत्वपूर्ण अवसर को देखते हुए इसे व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला यह सेवा माह प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के अपने सार्वजनिक जीवन में गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने सुशासन, जनभागीदारी और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सेवा माह के दौरान इन कार्यों और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के साथ-साथ सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर आयोजित होने वाला यह सेवा माह कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को जब नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब से लेकर आज 7 अक्टूबर 2026 तक—उनके संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

उनका केवल एक ही मंत्र रहा है— 'अंत्योदय' और 'राष्ट्र प्रथम'।इसी तपस्या का परिणाम है कि आज जन-धन से करोड़ों गरीबों के खाते खुले हैं, उज्ज्वला से माताओं को धुएं से मुक्ति मिली है, और पीएम किसान सम्मान निधि से अन्नदाता सशक्त हुआ है। आज राम मंदिर का स्वप्न सिद्धि में बदल चुका है, धारा 370 उखड़ चुकी है, और भारत दुनिया को दिशा दिखा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस अवसर को उत्सव नहीं, बल्कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' के रूप में मना रही है। यह हम सब का दायित्व है कि हम इस सेवा यज्ञ को घर-घर पहुँचाएं। हमें हर छूटे हुए लाभार्थी को योजना से जोड़ना है, युवाओं से संवाद करना है, और मोदी जी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को जमीन पर उतारना है।

उन्होंने बताया कि आज आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में बिहार के विभिन्न जिलों से चुनिंदा पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में जिलों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनकी तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पार्टी के पदाधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी बताई गईं।

'सेवा संकल्प’ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने एक टोली गठित की है, जिसमे प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, मंत्री संजय सिंह टाइगर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री मनोज चौधरी, जिला प्रभारी संजीव यादव एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक वीरेंद्र चंद्रवंशी शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त