नार्को की जिला स्तरीय बैठक आयोजित, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

 


अररिया 25 मार्च(हि.स.)।

डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की जिला स्तरीय मासिक बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध तस्करी पर नियंत्रण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी को और सख्त करने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को थोक एवं खुदरा दवा विक्रेताओं की नियमित जांच करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक को चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, एसएसबी, पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बॉर्डर क्षेत्रों में लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नशीले पदार्थों के खिलाफ प्रचार प्रसार के माध्यम से जागरूकता अभियान चलने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की खेती की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एसएसबी के अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर