नालंदा जिले में 30 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियां जब्त

 


बिहारशरीफ 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को लहेरी मोहल्ला (मुरारपुर) में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है।

उप नगर आयुक्त शम्स रजा के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गोदाम में छापेमारी की, जहां से करीब 30 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक की थैलियां बरामद की गईं हैं।

जब्त प्लास्टिक की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से इलाके के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि बरामद प्लास्टिक की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे हटाने के लिए करीब 13 ट्रैक्टरों की मदद लेनी पड़ी। सभी थैलियों को ट्रैक्टरों में लोड कर जब्त किया गया और नगर निगम के नियंत्रण में सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

इसअभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। लहेरी थाना के समीप एक निजी मैरेज हॉल के सामने सड़क पर अवैध रूप से रखे गए दो जनरेटर को भी जब्त किया गया है। इन जनरेटरों के कारण आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी।

मौके पर ही अतिक्रमण हटाकर सड़क को खाली कराया गया है।इस अभियान में सिटी मैनेजर साकेश कुमार, राजस्व पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, परमानंद प्रसाद सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे