बिहार के नालंदा में बाइक सवार तीन युवक की मौत, दो गंभीार

 


नालंदा, 04 नवम्बर (हि.स.)। बिहार में नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बाइक सवार दो भाईयों समेत तीन की मौत हो गई। जबकि 2 की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों घायल को सदर अस्पताल में भर्ति कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक बाइक पर पांच दोस्त सवार थे। हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना हरनौत थाना क्षेत्र में एनएच पर पिलर संख्या 51 के पास अचानक एक कुत्ता सामने आने की वजह से हुआ।

कुत्ते को बचाने के लिए बाइक चालक ने संतुलन संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार सभी पांचों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सबनहुआडीह गांव निवासी स्वर्गीय विलास यादव के 19 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार तथा हरनौत के आदर्शनगर निवासी 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु और 13 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है।

हादसे में घायल 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार का बिहारशरीफ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हरनौत

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी