6 दिनों बाद सुपौल नगर परिषद के सफाई कर्मी हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटे

 

सुपौल, 20 मार्च (हि.स.)। सुपौल नगर परिषद क्षेत्र में पिछले छह दिनों से जारी सफाई कर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। हड़ताल खत्म होने के बाद सभी सफाई कर्मी पुनः अपने कार्य पर लौट आए हैं, जिससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।

हड़ताल के दौरान शहर के विभिन्न मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया था, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण कई जगह जलजमाव और दुर्गंध की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी।

बताया जा रहा है कि नगर परिषद प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच मांगों को लेकर बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके बाद कर्मियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। हालांकि कर्मियों की ओर से अपनी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग भी दोहराई गई है।

हड़ताल समाप्त होने के साथ ही नगर परिषद द्वारा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द पटरी पर लाने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है, ताकि जमा हुए कचरे का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र