सुपौल नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का गठन, तीन सदस्य निर्विरोध चुने गए
सुपौल, 27 मई (हि.स.)। सुपौल नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर बुधवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। पूरे चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला और सभी वार्ड पार्षदों की सहमति से समिति के तीन सदस्यों का निर्विरोध चयन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया एसडीओ की मौजूदगी में संपन्न हुई, जिसमें मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा समेत नगर परिषद के सभी 28 वार्ड पार्षद शामिल रहे।
सर्वसम्मति से गगन ठाकुर, मनीष कुमार उर्फ मन मन सिंह और शिवजी कामत को समिति का सदस्य चुना गया।निर्वाचन के बाद अधिकारियों ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र सौंपा। चुनाव के दौरान किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया, जिससे नगर परिषद में आपसी तालमेल और एकजुटता की तस्वीर देखने को मिली।
मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई समिति नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं, निर्वाचित सदस्य गगन ठाकुर ने सभी पार्षदों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सर्वसम्मति से मिला समर्थन बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि समिति नगर हित और विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र