नगर परिषद की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विधायक आनन्द मिश्रा की पहल, 3 सदस्यीय जांच कमिटी गठित

 


बक्सर, 02 अक्टूबर (हि.स.)।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विधायक आनन्द मिश्रा की पहल रंग लाई है। बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था एवं उससे जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर विधायक ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा को अवगत कराया था।

विधायक द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तीन सदस्यीय जांच कमिटी का गठन किया है। कमिटी को बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था एवं संबंधित शिकायतों की जांच कर 7 अक्टूबर 2026 तक अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है। इस पहल से बक्सर नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बेहतर कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

विधायक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार संबंधित विभागों के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे और बक्सर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

उन्होंने कहा कि बक्सर की स्वच्छता, सुविधा और सम्मान—जनहित के हर मुद्दे पर हमारा प्रयास लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra