तीन सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल

 


भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। तीन सूत्री मांगों को लेकर भागलपुर नगर निगम के कर्मचारी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारी बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर हड़ताल पर हैं।

हड़ताल के कारण प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों को मिलने वाली कई सेवाएं प्रभावित हुईं। हड़ताल के शुरू होते ही नगर निगम कार्यालय के लगभग सभी विभागों का काम प्रभावित होने लगा है। कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में निगम परिसर में ही धरने पर बैठ गए, जिससे कार्यालय में आने वाले लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण नगर निगम की प्रस्तावित सामान्य बोर्ड बैठक को स्थगित करना पड़ा, जिससे कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी। हड़ताल के कारण नगर निगम द्वारा संचालित बोरिंगों से पानी की आपूर्ति बाधित रही। इससे कई इलाकों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बरारी वाटर वर्क्स से सुबह की जलापूर्ति पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की गई, जिससे कुछ क्षेत्रों में राहत रही। वहीं नगर निगम के स्थायी सफाई कर्मियों ने भी हड़ताल में भाग लिया, जिसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। हालांकि कई वार्डों में कार्यरत अस्थायी सफाई कर्मियों ने नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रखा, जिससे पूरी तरह व्यवस्था नहीं ठप हुई।

नगर निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष विकास कुमार हरि ने कहा कि कर्मचारियों की तीन सूत्री मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी