स्टेशन चौक पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध दुकानदारों से वसूला 13,500 जुर्माना
भागलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)।
शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक स्टेशन चौक पर नगर निगम की अतिक्रमण दस्ता टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की।
शहर को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से दोपहर करीब 12:00 बजे भारी पुलिस बल के साथ शुरू हुए इस अभियान में सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने न सिर्फ अवैध अतिक्रमण को हटाया, बल्कि मौके पर ही 13,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला।
नगर निगम और जिला प्रशासन की इस अचानक हुई 'सर्जिकल स्ट्राइक' से स्टेशन चौक और उसके आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार पुलिस को देखते ही अपना सामान समेटकर भागते नजर आए। यातायात को सुचारू करने और अतिक्रमणकारियों पर नकेल कसने के लिए यह अभियान नगर प्रबंधक असगर अली (वरीय प्रभारी अतिक्रमण) और अतिक्रमण शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में चलाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने और किसी भी प्रकार के विरोध से निपटने के लिए सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी और ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर खुद मुस्तैद रहे। अभियान के दौरान अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के स्टेशन रोड, हटिया रोड और लोहिया पुल के समीप फुटपाथ और सड़कों को घेरकर लगाए गए ठेलों और खोमचों को हटाया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करते हुए कुल 13,500 रुपये का स्पॉट फाइन काटा गया।
इसके साथ ही नियम तोड़ने वाले कई दुकानदारों के सामान और तीन ठेलों को जब्त कर नगर निगम परिसर भेज दिया गया। अतिक्रमण प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि स्टेशन चौक और मुख्य बाजारों को पूरी तरह जाम मुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, सभी दुकानदारों को पहले भी माइकिंग और नोटिस के जरिए सचेत किया गया था। आज की कार्रवाई के बाद भी यदि किसी ने दोबारा सड़क या फुटपाथ पर दुकान सजाई, तो उनका सामान पूरी तरह जब्त कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी यह अभियान अब नियमित रूप से चलाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर