नेवता करने गए युवक की संदिग्ध मौत, परिजन ने जताई हत्या की आशंका

 

सीवान, 13 मई (हि.स.)। सारण जिले के मशरख थाना क्षेत्र के चांद चुनरिया गांव में नेवता करने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन में कोहराम मच गया। मृतक सीवान जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र के पड़ौली चनुआ गांव निवासी धनंजय राय है, जो मनोज राय का पुत्र था।

घटना के संबंध में परिजन ने बताया कि धनंजय राय अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से अपने एक संबंधी के यहां नेवता करने के लिए मशरख थाना क्षेत्र के चांद चुनरिया गांव गया था।

बताया जाता है कि गांव पहुंचने से पहले तीनों साथियों ने रास्ते में रुककर ताड़ी पी थी। इसके बाद वे लोग नेवता करने चांद चुनरिया गांव पहुंचे। परिजनों के अनुसार गांव पहुंचने के कुछ देर बाद ही धनंजय की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह कुर्सी से गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तत्काल स्थानीय चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को लेकर लकड़ीनबीगंज थाना पहुंचे। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि द्वार पूजा से पहले साजिश के तहत धनंजय की हत्या की गई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma