छपरा में मेरा युवा भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

 




सारण, 29 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निदेशानुसार डीआरडीए वृष भानु कुमारी चंद्र की अध्यक्षता में मेरा युवा भारत अंतर्गत जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक संपन्न हुई।

बैठक में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सारण जिले में आयोजित होने वाली आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई।

जिला युवा पदाधिकारी दीपंकर सिंह ने बताया कि माय भारत पोर्टल पर 15 से 29 वर्ष के युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपना योगदान दे सकें। वर्तमान में 1 जुलाई से 15 अगस्त तक नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को जागरूक व लामबंद किया जा रहा है।

डीआरडीए वृष भानु कुमारी चंद्र उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कॉलेज स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के प्रत्येक महाविद्यालय में एक नोडल पदाधिकारी और एक कैंपस एम्बेसडर नामांकित करने का निर्णय लिया गया।

इस बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, एनएसएस नोडल पदाधिकारी एवं माय भारत के स्वयंसेवक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार