एमवीआई पर हमला, सरकारी गाड़ी रोककर की मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज
किशनगंज, 03 अगस्त (हि.स.)।जिले में सरकारी अधिकारी पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। जिला परिवहन कार्यालय में पदस्थापित मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रविंद्र कुमार राग पर यांत्रिक जांच से लौटने के दौरान 25 से 30 लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि सरकारी वाहन का रास्ता रोककर एमवीआई और उनके साथ मौजूद सिपाही को वाहन से जबरन नीचे उतारा गया तथा उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, एमवीआई रविंद्र कुमार राग पोठिया थाना कांड संख्या 315/25 में जब्त एक वाहन की यांत्रिक जांच के लिए पोठिया थाना गए थे। जांच पूरी करने के बाद वह सरकारी वाहन से किशनगंज लौट रहे थे। इसी दौरान बोमावस्ती गाछपाड़ा के समीप सड़क के बीच ट्रैक्टर (संख्या BR37GA-7910) खड़ा कर उनकी गाड़ी का रास्ता रोक दिया गया।
एमवीआई द्वारा सदर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, वाहन रुकते ही 25 से 30 स्थानीय लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने उन्हें और उनके साथ मौजूद सिपाही को जबरन वाहन से बाहर निकाल लिया तथा गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। भीड़ बालू ढोने वाले वाहनों पर ओवरलोडिंग का चालान किए जाने से नाराज थी और उसी को लेकर विरोध जता रही थी। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने एमवीआई को जान से मारने तथा बालू खदान में गाड़ देने तक की धमकी दी।
उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि उस समय उन्होंने किसी वाहन को नहीं पकड़ा था, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। स्थिति बिगड़ती देख एमवीआई ने तत्काल सदर थानाध्यक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अधिकारी व उनके साथ मौजूद कर्मी को सुरक्षित बाहर निकाला।पुलिस ने मौके से अबू बकर पिता–अब्दुल लतीफ, निवासी वार्ड संख्या-09, गाछपाड़ा को हिरासत में लिया।एमवीआई ने अपने आवेदन में अबू बकर, 25 से 30 अज्ञात लोगों तथा ट्रैक्टर संख्या BR37GA-7910 के मालिक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि एमवीआई के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह