पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, चार साल का मासूम बालक बरामद
अररिया 06 जून(हि.स.)। जिले के पलासी थाना क्षेत्र के कनखुदिया से गंगझाली जाने वाले मार्ग पर सुरकिया धार के पास बांस की झाड़ी में 4 जून को मिले अज्ञात महिला शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया। पुलिस ने महिला के शिनाख्त के बाद हत्यारा पति को गिरफ्तार कर लिया और चार साल के मासूम बच्चे को भी बरामद कर लिया। जानकारी सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने दी।
एसडीपीओ ने बताया कि सबसे पहले मृतका की शिनाख्त मृतका की शिनाख्त पिपरा बिजवार गांव निवासी विद्यानंद मंडल की 32 वर्षीय पुत्री नबीता देवी के रूप की गई। मृतका दो साल से मायके में रह रही थी। उसके पति गौरव कुमार विश्वास द्वारा पत्नी को विदाई कराकर घर ले जाने और कपड़ा खरीदवाने के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गए। पति ने रास्ते में ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बांस की झाड़ी में फेंककर फरार हो गया।
मामले को लेकर एसपी जितेंद्र कुमार के द्वारा एसआईटी का गठन किया था। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी पति को धर दबोचा। वारदात के बाद छिपाए गए उसके चार वर्षीय मासूम बेटे को भी पुलिस ने सकुशल बरामद किया। 4 जून की सुबह कनखुदिया से गंगझाली जाने वाले मार्ग पर सुरकिया धार के पास बांस की झाड़ी में अज्ञात महिला का शव मिलने की जानकारी पुलिस को मिली थी। मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर वीडियोग्राफी के साथ कई सैंपल कलेक्ट किया। जिसके बाद शुक्रवार को मृतका की शिनाख्त पिपरा बिजवार गांव निवासी विद्यानंद मंडल की 32 वर्षीय पुत्री नबीता देवी के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि नबीता का अपने पति गौरव कुमार विश्वास के साथ पिछले तीन साल से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के कारण वह पिछले 2 वर्षों से अपने 4 साल के बेटे आर्यन के साथ मायके में ही रह रही थी।
एसडीपीओ ने बताया कि 3 जून के शाम को ही पति गौरव कुमार विश्वास अपनी पत्नी और बेटे को कालियागंज कपड़ा खरीदवाने की बात कहकर निकला था।पत्नी की सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर जबरन बांस की झाड़ी में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दिया और मासूम अपने बेटे को लेकर निकल गया। बेटे को गुप्त स्थान पर छिपाकर रख दिया था।
पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में गठित 11 सदस्यीय टीम ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर मुख्य आरोपी पति गौरव कुमार विश्वास को जोकीहाट के महलगांव थाना क्षेत्र के मधेली गांव स्थित उसके बहनोई के घर से नाटकीय ढंग से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मासूम आर्यन को भी सुरक्षित बरामद कर नानी को सौंप दिया।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतका की मां गीता देवी के लिखित बयान पर पलासी थाना में कांड संख्या 240/26 दर्ज किया गया। इस प्राथमिकी में दामाद गौरव कुमार विश्वास, ससुर कृत्यानंद विश्वास, सास गौरी देवी, सौरभ कुमार, संतोषी देवी, गौतें मंडल और झुब्बा मंडल सहित कुल 7 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। मुख्य आरोपी पति को छोड़कर बाकी सभी 6 आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर