रोशन पंडित हत्याकांड पर पप्पू यादव का बड़ा बयान, बोले- यह सिर्फ जमीन विवाद नहीं, सुनियोजित हत्या

 






सुपौल, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के लक्ष्मीनिया वार्ड-12 में जमीन विवाद को लेकर हुई रोशन कुमार पंडित की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

शुक्रवार को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला केवल जमीन विवाद का नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या प्रतीत होती है।

उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने भी उन्हें इसी तरह की आशंका जताई है। सांसद ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने डीआईजी से बातचीत की है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

पप्पू यादव ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटनास्थल से महज 25 मीटर की दूरी पर एनडीए सांसद दिलेश्वर कामैत का आवास है। ऐसे में आरोपियों द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम देना चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसी परिस्थितियों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।उन्होंने दिवंगत रोशन कुमार पंडित को कोसी क्षेत्र का उभरता सामाजिक चेहरा बताते हुए कहा कि समाज में उनकी अलग पहचान थी और उनकी हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश है।

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि प्रजापति समाज को एनडीए का समर्थक माना जाता है, इसके बावजूद संबंधित जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मिलना भी उचित नहीं समझा।

इस दौरान उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जातीय तनाव का माहौल बन रहा है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

रोशन कुमार पंडित हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पप्पू यादव ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र