हत्या कांड की जांच में लापरवाही पर प्रतापगंज के तत्कालीन एसआई निलंबित, एसपी ने की सख्त कार्रवाई
सुपौल, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना में दर्ज हत्या कांड की जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्रतापगंज थाना के तत्कालीन सहायक अवर निरीक्षक (एसआई) कामख्या नारायण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विभागीय जांच में पाया गया कि थाना कांड संख्या 110/25 (हत्या) सहित कई मामलों के अनुसंधान में उन्होंने अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई। समय पर आवश्यक कार्रवाई नहीं करने और जांच पूरी किए बिना कांड वापस करने जैसी अनियमितताओं के आरोप भी सही पाए गए। मामले की जांच वीरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) से कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट में इन आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित अधिकारी गश्ती और ओडी ड्यूटी के निर्वहन में भी लापरवाह रहे। थाना आने वाले आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के प्रति उनका व्यवहार संतोषजनक नहीं पाया गया। रिपोर्ट में थाना की गोपनीयता भंग करने जैसी गंभीर टिप्पणी भी दर्ज की गई है।थानाध्यक्ष रोशन कुमार के प्रतिवेदन और एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने माना कि संबंधित पुलिस पदाधिकारी का आचरण अनुशासनहीन एवं कर्तव्य के प्रति उदासीन रहा, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। इन तथ्यों को आधार बनाते हुए पुलिस अधीक्षक ने कामख्या नारायण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सुपौल निर्धारित किया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस विभाग ने यह भी दोहराया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र