भाई को बचाने पहुंचे युवक की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस ने एक घंटे में आरोपित को दबोचा
कटिहार, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। घटना के बाद हरकत में आई पोठिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर मुख्य नामजद आरोपी को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में घायल पीड़ित त्रिलोकी रविदास (22 वर्ष), पिता स्व. केदार रविदास (निवासी- पोठिया) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पूर्व विवाद को लेकर सौरभ कुमार यादव से उनका झगड़ा हुआ था। इसी दौरान सौरभ ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई गणेश रविदास पर भी आरोपी ने चाकू से जानलेवा वार कर दिया। गंभीर हालत में गणेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर पोठिया थाने में कांड संख्या 213/26 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त सौरभ कुमार यादव (22 वर्ष), पिता पंकज यादव (निवासी- पोठिया) को घटना के एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह