मुंगरार गांव में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
सुपौल, 13 सितंबर (हि.स.)। सदर प्रखंड की बैरिया पंचायत के मुंगरार गांव में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन अपनाने की अपील की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
नशामुक्त समाज के निर्माण से स्वस्थ शरीर, शांत मस्तिष्क, मजबूत परिवार, बेहतर भविष्य और समृद्ध समाज की नींव मजबूत होती है। वक्ताओं ने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और आसपास के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भुवनेश्वरी प्रसाद यादव ने की।
मौके पर बैरिया पंचायत के मुखिया तुलाई पासवान, पंचायत समिति सदस्य अशोक साह, उपमुखिया जय कृष्ण झा, पूर्व उप प्रमुख देवेंद्र यादव सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि, मुंगरार गांव के ग्रामीण, नशामुक्ति अभियान से जुड़े सदस्य, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र