एमआरएम कॉलेज ने इंटर्नशिप के लिए ईजी इंटर्न कंपनी से किया एमओयू
दरभंगा, 04 नवंबर (हि.स.)। एमआरएम कॉलेज में बुधवार को प्रधानाचार्या प्रो. पुष्पम नारायण की अध्यक्षता में ईजी इंटर्न कंपनी के साथ इंटर्नशिप को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे छात्राओं के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या प्रो. पुष्पम नारायण ने एमओयू की जानकारी देते हुए बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक सीबीसीएस प्रणाली के पांचवें सेमेस्टर में विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है। छात्राओं के हित को प्राथमिकता देते हुए महाविद्यालय ने यह पहल की है। उल्लेखनीय है कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का इस कंपनी के साथ पिछले वर्ष ही एमओयू हो चुका है।
महाविद्यालय की इंटर्नशिप नोडल पदाधिकारी डॉ. वंदना कुमारी ने कहा कि इस पहल से छात्राओं को सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का अवसर मिलेगा। यह इंटर्नशिप पूरी तरह निःशुल्क होगी। इससे छात्राएं बिना किसी आर्थिक बाधा के व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर, कुशल एवं भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित थे। प्रधानाचार्या प्रो. पुष्पम नारायण ने इस पहल के लिए सभी को बधाई देते हुए छात्राओं से निःशुल्क इंटर्नशिप का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra