एमपीएल सीजन 3 के दूसरे दिन अल्फा फोर्ब्स और जेएमडी इलेवन ने दर्ज की जीत
अररिया 25 फरवरी(हि.स.)।फारबिसगंज के मटियारी स्थित पाठशाला स्कूल के मैदान में मारवाड़ी युवा मंच की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को अल्फा फोर्ब्स और जेएमडी इलेवन ने जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला अल्फा फोर्ब्स और ब्लैक कैट्स के बीच खेला गया। ब्लैक कैट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अल्फा फोर्ब्स ने निर्धारित 12 ओवरों में 5 विकेट खोकर 159 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से हिमांशु अग्रवाल ने मात्र 19 गेंदों में 37 रनों की आतिशी पारी खेली।
जवाब में उतरी ब्लैक कैट्स की टीम ने आक्रामक शुरुआत तो की, लेकिन बाद में अल्फा फोर्ब्स के गेंदबाजों के सामने टिक न सका और पूरी टीम 134 रनों पर सिमट गई। हिमांशु अग्रवाल ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी कहर बरपाया और मात्र 1.4 ओवर में 10 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
दूसरे मुकाबले में जेएमडी इलेवन और फ्रेंड्स इलेवन के बीच भिड़ंत हुई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स इलेवन की टीम जेएमडी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 12 ओवरों में केवल 94 रन ही बना सकी। जेएमडी की ओर से अमित केडिया ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 8 रन देकर 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएमडी इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती दो ओवरों में ही तीन मुख्य विकेट गिर गए।जिसके बाद सचिन शर्मा, हर्ष सेठिया और दीपक अग्रवाल ने मोर्चा संभाला और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए टीम को 11वें ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर जीत की दहलीज पार करा दी। अमित केडिया को उनकी किफायती और धारदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर