मिथिला में रेल परियोजनाओं के शीघ्र निष्पादन पर जोर
दरभंगा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा सहित संपूर्ण मिथिला में रेल परियोजनाओं को गति देने और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण को लेकर गुरुवार को दरभंगा जंक्शन पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपालजी ठाकुर ने पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग, समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के बाद सांसद ने कहा कि मिथिला में रेल नेटवर्क को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने दरभंगा जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने, प्रमुख स्टेशनों के आधुनिकीकरण, नए प्लेटफॉर्म के निर्माण तथा वाशिंग पिट के विस्तार कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान नई ट्रेनों के परिचालन, प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, नई रेल लाइनों के निर्माण, दरभंगा बाईपास रेल लाइन तथा रेल लाइनों के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई। सांसद ने इन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में मिथिला की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दरभंगा सहित पूरे मिथिला में आधुनिक, सुगम और बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra