सांसद ने लोकसभा में उठाई आवाज, नवगछिया में केंद्रीय विद्यालय और विक्रमशिला विश्वविद्यालय को जल्द शुरू करने की मांग

 


भागलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने लोकसभा में नियम-377 के तहत अपने संसदीय क्षेत्र की महत्वपूर्ण शैक्षणिक मांगों को प्रमुखता से उठाया है। सांसद ने केंद्र सरकार से नवगछिया अनुमंडल में एक नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और ऐतिहासिक विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की मांग की।

सदन को संबोधित करते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने बताया कि भागलपुर संसदीय क्षेत्र में पहले से ही शिक्षा के बड़े केंद्र मौजूद हैं। वर्तमान में यहाँ एक नवोदय विद्यालय, कहलगांव में एक केंद्रीय विद्यालय और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भागलपुर शहर में एक और नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

सांसद ने विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगभग 500 करोड़ रुपये का बजट पहले ही आवंटित किया जा चुका है। राशि स्वीकृत होने के बाद अब इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्य को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द शुरू करना बेहद जरूरी है।

नवगछिया अनुमंडल का जिक्र करते हुए श्री मंडल ने कहा कि यहाँ की एक बड़ी आबादी लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की मांग कर रही है। नवगछिया में नया केंद्रीय विद्यालय खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, जिससे स्थानीय अभिभावकों की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हो सकेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से बेहद संवेदनशील होकर इन दोनों मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर