दरभंगा आरएमएस व आईसीएच का मुजफ्फरपुर में विलय उचित नहीं : डॉ. गोपाल जी ठाकुर
दरभंगा, 09 नवंबर (हि.स.)। रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) एवं इंटीग्रेटेड कंसाइनमेंट हब (आईसीएच) का दरभंगा से मुजफ्फरपुर में विलय करना उचित नहीं है। दरभंगा तेजी से विकसित हो रहा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय केंद्र है। ऐसे में यहां संचालित डाक सेवाओं की वर्तमान व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। उक्त बातें स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय में आरएमएस कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कहीं।
सांसद ने कहा कि दरभंगा में दो विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट, तारामंडल, आईटी पार्क, डीएमसीएच एवं सुपरस्पेशलिटी अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं। वहीं एम्स और इसरो केंद्र सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऐसे में यहां आरएमएस केंद्र की उपयोगिता और बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि डाक विभाग के बिहार परिमंडल की ओर से 4 नवंबर 2026 को जारी आदेश में दरभंगा आरएमएस एवं आईसीएच का मुजफ्फरपुर में विलय किए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने विभाग के शीर्ष अधिकारियों से बात कर वर्तमान व्यवस्था बरकरार रखने का अनुरोध किया है।
सांसद ने आशंका जताई कि विलय से स्थानीय डाक सेवाओं एवं कर्मचारियों को व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर केंद्रीय डाक एवं संचार मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि दरभंगा आरएमएस केंद्र को यहीं बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि आम लोगों की सुविधा और स्थानीय हित प्रभावित न हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra