किशनगंज की रेल परियोजनाओं को लेकर सांसद जावेद ने रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन

 


किशनगंज, 06 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने केंद्रीय रेल मंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में किशनगंज शहर में दो रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण, गलगलिया रेलवे स्टेशन के विकास, किशनगंज व ठाकुरगंज रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग की गई है।

सांसद ने कहा कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार है। नेपाल, पश्चिम बंगाल और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े इस क्षेत्र में मजबूत रेल अवसंरचना न केवल यात्रियों की सुविधा, बल्कि क्षेत्रीय विकास और सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ज्ञापन में रेलवे समपार फाटक संख्या एसके-313 और एसके-314 पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम को प्रमुख समस्या बताते हुए दोनों स्थानों पर शीघ्र रेल ओवर ब्रिज के निर्माण की मांग की गई है।

सांसद ने कहा कि इन फाटकों पर लंबे समय तक जाम रहने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने रेलवे और बिहार सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजना को जल्द मंजूरी देने और निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया। डॉ. जावेद ने सीमावर्ती गलगलिया रेलवे स्टेशन के व्यापक विकास पर भी जोर दिया।

उन्होंने ट्रेन संख्या 15723/15724 तथा 75705/75706 का गलगलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, लिंकिंग यार्ड के निर्माण और स्टेशन के आधुनिकीकरण की मांग उठाई। उनका कहना है कि नेपाल और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे होने के कारण गलगलिया स्टेशन का व्यावसायिक और सामरिक महत्व काफी अधिक है।

सांसद ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किशनगंज और ठाकुरगंज रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने की मांग की। साथ ही दोनों स्टेशनों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाकर उन्हें आरपीएफ नियंत्रण कक्ष से जोड़ने का सुझाव दिया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।

ज्ञापन में अमृत भारत स्टेशन योजना की स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति और लागत संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने का भी अनुरोध किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होती है तो सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और सीमावर्ती इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ने रेल मंत्रालय से इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की उम्मीद जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह