सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवल ने किशनपुर में श्रीमद्भागवत कथा स्थल का किया निरीक्षण
सारण, 20 मई (हि.स.)। जलालपुर प्रखंड के किशनपुर पंचायत स्थित धरान ग्राम में आगामी 25 मई से 1 जून तक ऐतिहासिक रामकथा एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। क्षेत्र में पहली बार हो रहे इस दोहरे आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कथा स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश और सहयोग का आश्वासन दिया। आयोजन समिति के सचिव राजेश्वर कुंवर, अधिवक्ता राजेंद्र कुंवर और अवध किशोर मिश्रा सहित सैकड़ों ग्रामीण पिछले तीन महीनों से इसकी तैयारियों में जुटे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत 25 मई को सुबह 7 बजे भव्य कलश यात्रा से होगी, जिसमें हजारों महिलाएं शामिल होंगी। शाम को 51 विद्वान आचार्यों द्वारा गौ पूजन, वेद पूजन और व्यासपीठ पूजन किया
। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे तक पंडित रमेश मिश्रा गोरखपुर द्वारा भागवत कथा और शाम 6 से रात्रि 10 बजे तक अयोध्या के संत किशोरी शरण दास जी एवं उज्जवल दास जी द्वारा संगीतमय रामकथा की अमृत वर्षा होगी। साथ ही प्रख्यात संगीतज्ञ पंडित राम प्रकाश मिश्रा के भजनों का आनंद भी मिलेगा।
श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, स्वास्थ्य, पेयजल और महिलाओं की सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार