कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल

 








सारण, 25 मई (हि.स.)। जलालपुर किशनपुर पंचायत के धराण ग्राम में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं राम कथा का संयुक्त आयोजन शुरू हो गया है। इस जलभरी शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। यात्रा का नेतृत्व महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने किया।

शोभायात्रा में शामिल हाथी, घोड़े, ऊंट और बैंड-बाजे ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।

कलश स्थापना के बाद महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने विधिवत पूजा अर्चना कर एवं दीप प्रज्वलित कर इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के राजेश्वर कुंवर, राजेंद्र कुंवर, प्रमोद सिंह और विश्व हिंदू परिषद के धर्म प्रसार जिला सह प्रमुख अरुण पुरोहित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन 26 मई से 1 जून तक चलेगा।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन सुबह यज्ञ मंडप पूजन, दोपहर में श्रीमद् भागवत कथा और संध्याकाल में संगीतमय श्रीराम कथा व प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार