यूपीएससी में अव्वल छात्र को सांसद ने सम्मानित किया
दरभंगा, 13 अप्रैल (हि.स.)।
बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र के रमौली गांव निवासी एवं संघ लोकसेवा आयोग में सफलता हासिल करने वाले अभिषेक कुमार झा को स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ गोपाल जी ठाकुर ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सांसद डॉ. ठाकुर स्वयं रमौली गांव स्थित अभिषेक के आवास पहुंचे और उन्हें पाग व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिथिला की धरती सदियों से ज्ञान, संस्कार और विद्वता के लिए जानी जाती रही है, और अभिषेक झा की सफलता उसी परंपरा का जीवंत उदाहरण है।
उन्होंने अभिषेक को जिले के युवाओं के लिए “रोल मॉडल” बताते हुए कहा कि यहां के छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा से प्रेरणा लेनी चाहिए। सांसद ने मिथिला की गौरवशाली ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने प्राचीन काल से ही वेद, दर्शन, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
अभिषेक झा को शुभकामनाएं देते हुए सांसद ने विश्वास जताया कि वे अपनी बौद्धिक क्षमता के बल पर देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रजनीश सुंदरम, विधानसभा संयोजक पिंटू झा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष निभा देवी, सुजीत चौधरी, राधेश्याम झा, नटवर झा, राहुल झा, बमबम चौधरी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra