सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दिव्यांगजनों के बीच बांटी सिलाई मशीन व ट्राई साइकिल
दरभंगा, 30 अगस्त (हि.स.)। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित दिव्यांगजन सहायता एवं सम्मान कार्यक्रम में दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दिव्यांगजनों के बीच सिलाई मशीन एवं ट्राई साइकिल का वितरण किया। प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षित दिव्यांगजनों को सिलाई मशीन देकर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुखिया विजय चौधरी ने की। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामाज्ञा चौधरी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष शशि साह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहायता उपलब्ध कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना भी जरूरी है। केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए सुविधा के साधन के साथ-साथ आत्मसम्मान, स्वावलंबन और नए अवसरों की शुरुआत हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के अनुरूप दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण विकसित भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra