लहेरियासराय स्टेशन पर सांसद ने चलाया स्वच्छता अभियान, श्रमवीरों को किया सम्मानित
दरभंगा , 02 अक्टूबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को लहेरियासराय स्टेशन परिसर में स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में ऑटो, ई-रिक्शा एवं रिक्शा चालकों को पाग एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि धूप, ठंड और मूसलाधार बारिश के बावजूद दिन-रात लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा एवं रिक्शा चालक शहर की परिवहन व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले प्रत्येक श्रमजीवी का सम्मान करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सेवा पखवाड़ा के तहत सांसद ने स्टेशन परिसर की दुकानों में जुट एवं कपड़े से बने झोलों का वितरण किया। उन्होंने दुकानदारों एवं ग्राहकों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे से मुक्ति के लिए जनजागरूकता जरूरी है और कपड़े एवं जूट के झोलों का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
इस दौरान सांसद ने स्टेशन परिसर के दुकानदारों से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने यूपीआई जैसे डिजिटल माध्यमों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे लेन-देन में सुविधा और पारदर्शिता बढ़ती है। उन्होंने डिजिटल इंडिया एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आम लोगों की भागीदारी का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra