मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के रहे : विवेक ठाकुर
नवादा, 16 जून (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा नवादा परिसद में मंगलवार को प्रेस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है तथा आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक और रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक पक्के घर स्वीकृत किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 50 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। डिजिटल इंडिया अभियान के कारण आज भारत विश्व में डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अग्रणी देशों में शामिल हो गया है।
विवेक ठाकुर ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क तेजी से बढ़ा है तथा वंदे भारत ट्रेनों के संचालन से रेल सेवाओं में आधुनिकता आई है। भारत रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। विकास की सूची भी जारी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन