रेल सेवाओं में विस्तार एवं यात्री सुविधाओं को लेकर सांसद से वार्ता
अररिया, 11 अप्रैल(हि.स.)।
अररिया सहित सीमांचल में रेल सेवाओं में विस्तार एवं यात्री सुविधाओं की बढ़ोतरी को लेकर रेल संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने शनिवार को सांसद प्रदीप कुमार सिंह से भेंट की और पहल करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में समस्तीपुर डिवीजन के डीआरयूसीसी सदस्य विनोद सरावगी,कटिहार डिवीजन के डीआरयूसीसी सदस्य बछराज राखेचा, राजा मिश्रा तथा फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा थे।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह से मिलकर प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें जोगबनी से कोलकाता के बीच परिचालित त्रिसप्ताहिक एक्सप्रेस की क्षमता से अधिक उपयोगिता को देखते हुए इसे प्रतिदिन किए जाने,जोगबनी में निर्माणाधीन पीटलाइन में हो रहे विलम्ब से लाइन को पूर्ण करने की दिशा में तेजी लाने, जोगबनी कटिहार के बीच चल रही सभी डेमू ट्रेनों के स्थान पर मेमू ट्रेन चलाने,जोगबनी से नवनिर्मित रेललाइन अररिया ठाकुरगंज के रास्ते सिलीगुड़ी के लिए एक नई ट्रेन का परिचालन,कटिहार से सुबह नौ बजे एक नई पैसेंजर ट्रेन जो जोगबनी से वापसी में 12 बजे खुले का परिचालन, कटिहार-अमृतसर स्पेशल ट्रेन को नियमित और त्रैसाप्ताहिक किए जाने को लेकर पहल करने की मांग की।
पूर्व मध्य रेलवे के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत फारबिसगंज और चकरदाहा हाल्ट के बीच में न्यू फारबिसगंज कोर्ट के नाम से एक नया स्टेशन बनाए जाने का प्रावधान किए जाने पर भी चर्चा की। सांसद ने इन सारी समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए अविलंब कटिहार डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक किरेन्द्र नरह से बात की। मुख्य रूप से जोगबनी में पीटलाइन के निर्माण को लेकर डीआरएम ने जानकारी दी कि इस प्रस्तावित पीटलाइन के नक्शे में कुछ आमूल परिवर्तन किया गया है,जिसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड में लंबित है। इसके पूर्ण होने में कुछ समय लग सकता है।
सांसद ने प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों को आश्वस्त किया कि अपने दिल्ली प्रवास के दौरान आगामी सप्ताह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उन्हें इन सभी मांगों से अवगत कराएंगे तथा यात्री हितों के मद्देनजर इन्हें शीघ्र पूरा कराए जाने का अनुरोध करेंगे। वहीं विनोद सरावगी ने फारबिसगंज कुर्सेला स्टेट हाईवे 77 को अपग्रेड करते हुए नेशनल हाईवे बनाए जाने के साथ इसे गंगा नदी पर एक नया पुल बनाकर कहलगांव एन एच 33 तक विस्तारित किए जाने की मांग की,जिससे इस क्षेत्र का सीधा संपर्क दक्षिणी बिहार से हो जाए । इस पर सांसद महोदय में यह जानकारी दी की इस मांग को लेकर वह केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से कर चुके हैं तथा उम्मीद जताई की सड़क विकास के भावी परियोजनाओं में इसे भी शामिल किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर