21 हजार करोड़ रूपये के दीर्घकालिक वित्त पोषण के लिए पथ निर्माण विभाग और नाबार्ड के बीच समझौता
पटना, 07 अगस्त (हि.स.)। बिहार में सड़क और पुल अवसंरचना के विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के बीच 21 हजार करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्त पोषण को लेकर शुक्रवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित समारोह में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और नाबार्ड के अध्यक्ष शाजी कृष्णन वी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में नाबार्ड का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है और आगे भी इसी तरह सहयोग मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क और पुल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। एमओयू से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे और विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और पुल किसी भी राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क संपर्क विकसित होने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 21 हजार करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्त पोषण से सड़क एवं पुल परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वित्तीय व्यवस्था और मजबूत होगी।
नाबार्ड के अध्यक्ष शाजी कृष्णन वी ने कहा कि बिहार तेजी से विकास कर रहा है। राज्य के विकास के लिए जिस भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, नाबार्ड उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने आधारभूत संरचना के विकास में नाबार्ड की सहभागिता आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘नाबार्ड इन बिहार’ पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर पारंपरिक कला एवं शिल्प के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भोजपुर के संजीव सिन्हा को पिड़िया पेंटिंग, गयाजी के रविंद्र नाथ गौड़ को पत्थरकट्टी तथा नालंदा की बावन बूटी कला के लिए सुरेश देव को जीआई प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल सहित नाबार्ड और राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी