बेटी की शादी को लेकर गैस के लिए दर-दर भटकती मां

 


भागलपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब देशभर में दिखने लगा है। रसोई गैस की किल्लत से आम लोग परेशान हैं और कई जगहों पर हाहाकार की स्थिति बनी हुई है।

इसी बीच बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में किसी भी बेटी की शादी में गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। लेकिन इन दावों के बीच भागलपुर से एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है।

मारूफचक अंबई की रहने वाली सुनीता देवी अपनी बेटी की शादी को लेकर चिंतित हैं। एक हाथ में शादी का कार्ड और दूसरे हाथ में गैस के लिए आवेदन लेकर वह लगातार अधिकारियों के दफ्तरों का चक्कर काट रही हैं।

सुनीता देवी का कहना है कि 17 अप्रैल को उनकी बेटी संगीता की शादी है लेकिन अब तक गैस सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ऐसे में पूरा परिवार परेशानी और चिंता में है। वह अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं कि समय रहते गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए ताकि उनकी बेटी की शादी बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर