छपरा में संस्कार भारती द्वारा मासिक संगीत संध्या का हुआ आयोजन

 






सारण, 01 जून (हि.स.)। कला और साहित्य के क्षेत्र में समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की सारण इकाई द्वारा छपरा जंक्शन परिसर स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में मासिक संगीत संध्या का भव्य आयोजन किया गया।

देर शाम तक चले इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर बिहार के प्रांत कार्यवाह अभय कुमार गर्ग, विशिष्ट अतिथि संस्कार भारती के महामंत्री सुरभित दत्त, प्रांतीय लोक कला विभाग के सदस्य राजेश चंद्र मिश्र और राहुल मेहता और कार्यक्रम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अभय कुमार गर्ग ने कहा कि गीत, संगीत और नृत्य हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। संस्कार भारती इस अमूल्य धरोहर को जीवंत बनाए रखने का सराहनीय कार्य कर रही है। इसके बाद संस्था की परंपरा के अनुसार मंजू कुमारी एवं राजेश चंद्र मिश्र ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया।

संगीत संध्या की शुरुआत में विवेक समदर्शी और विश्वनेक समदर्शी की टीम ने रामधुन का गायन कर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद उदय नारायण सिंह, मनोज बिहारी, सुधाकर कश्यप, राजकिशोर, शुभम सत्यम और अशोक पांडे सहित कई कलाकारों ने एक से बढ़कर एक शास्त्रीय एवं लोक गायन की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंच का कुशल संचालन भंवर किशोर ने किया। कार्यक्रम संयोजक धनंजय कुमार के धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक वंदे मातरम् के गायन के साथ इस संगीत संध्या का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार