बक्सर में फायर मॉक ड्रिल, 100 लोगों को अग्नि सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

 


बक्सर, 24 जुलाई (हि.स.)। चीनी मिल स्थित साबित खिदमत फाउंडेशन एंड हॉस्पिटल में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

फायर सेफ्टी विशेषज्ञों ने अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय शांत रहकर सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से स्थिति का सामना करना चाहिए। मॉक ड्रिल के दौरान करीब 100 लोगों को अग्नि सुरक्षा नियमों और आपातकालीन प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षित किया गया।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जनहित में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग फायर सेफ्टी के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम में मौजूद मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के बिहार प्रदेश सचिव डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि आग से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए प्रत्येक नागरिक को फायर सेफ्टी के नियमों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने पर बल दिया।

इस अवसर पर शहनवाज़ मीना, रानू प्रसाद, आस्था, अंजलि, सूरजी, बृजेश जायसवाल, हसीना, शहनवाज़, सोनम, नासिर, राहुल सहित अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra