मोदी सरकार के 12 वर्ष 'नागरिक देवो भवः' के मंत्र को समर्पित: सैयद शाहनवाज हुसैन
कटिहार, 15 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 'विश्वास और विकास के 12 वर्ष' पूरे होने के उपलक्ष्य में कटिहार जिला भाजपा कार्यालय में 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' का आयोजन किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार के 12 वर्ष मुख्य रूप से ‘नागरिक देवो भवः’ के मंत्र को समर्पित रहे हैं, जहां सरकार की सोच ‘व्यवस्था की सुविधा’ से आगे बढ़कर ‘नागरिक की सुविधा’ पर केंद्रित हुई है।
मुख्य अतिथि शाहनवाज हुसैन ने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक समय था जब सामान्य नागरिक को छोटी-सी सरकारी सुविधा के लिए भी लंबी प्रक्रियाओं और अनावश्यक भागदौड़ का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पूरी व्यवस्था को बदल दिया है। उन्होंने बताया कि आज 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच चुकी है। आयकर में राहत से लेकर आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आम जनता के जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने मुख्य अतिथि का अंग वस्त्र एवं पुष्प देकर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ने इन 12 वर्षों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कटिहार भाजपा की मजबूती का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि उनकी निष्ठा के कारण ही आज जिले में पार्टी एक बेहद सशक्त संगठन बनकर उभरी है। मंचासीन अन्य वक्ताओं ने भी इस बात पर जोर दिया कि एक सक्षम मध्यम वर्ग और जनकेंद्रित सुशासन ही विकसित भारत की मजबूत नींव का निर्माण कर रहे हैं।
सम्मेलन में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, प्रदेश मंत्री सीमा झा, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण ठाकुर, लक्खी महतो, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे और सौरभ कुमार मालाकार सहित कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे।
इससे पूर्व कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और 'वंदे मातरम' के गान के साथ किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह