वाराणसी मंडल चिकित्सालय में आधुनिक फेको मशीन शुरू, सीवान-थावे-गोपालगंज के रेलकर्मियों को मिलेगा लाभ

 


सीवान, 04 सितंबर (हि.स.)। रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे ने महत्वपूर्ण पहल की है।

वाराणसी मंडल चिकित्सालय में आधुनिक फेको मशीन एवं ऑपरेशन थिएटर लाइट की सुविधा शुरू की गयी है। इससे सीवान, थावे एवं गोपालगंज क्षेत्र में कार्यरत रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति में शुक्रवार को मंडल चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का शुभारंभ किया गया।

नर्सिंग अधीक्षक नेली मिंज एवं मेरी राजन जार्ज ने फीता काटकर उपकरणों का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुसूदन विश्वकर्मा सहित चिकित्सालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

मंडल चिकित्सालय में स्थापित ओर्टली कैटारेक्स थ्री ईजी फेकोइमल्सीफिकेशन सिस्टम आधुनिक एवं कॉम्पैक्ट फेको मशीन है। इसका उपयोग मुख्य रूप से मोतियाबिंद की सर्जरी में किया जाता है। मशीन में ईजीफेको तकनीक उपलब्ध है, जिससे लेंस के टुकड़ों को नियंत्रित करने में चिकित्सकों को सुविधा मिलती है। इससे सर्जरी के दौरान आंख के अंदर आवश्यक स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलती है। मशीन में सटीक द्रव नियंत्रण की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से फेको सर्जरी के अलावा आई-ए तथा एंटीरियर विट्रेक्टॉमी जैसी प्रक्रियाएं भी की जा सकती हैं। मशीन का छोटा और पोर्टेबल डिजाइन इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। छोटे चीरे के माध्यम से मोतियाबिंद की सर्जरी की सुविधा भी इसमें उपलब्ध है।

वहीं, नयी ऑपरेशन थिएटर लाइट से ऑपरेशन के दौरान पर्याप्त और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इससे चिकित्सकों को सर्जिकल क्षेत्र को स्पष्ट रूप से देखने में सुविधा मिलेगी। सीवान, थावे एवं गोपालगंज क्षेत्र के रेल कर्मचारियों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें उपचार के लिए अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma