सारण के मंगोलापुर में शुरू हुई मखाना की आधुनिक खेती

 








सारण, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के जलालपुर प्रखंड अंतर्गत मंगोलापुर गांव में जिला उद्यान कार्यालय की पहल से मखाना खेती को नई दिशा मिल रही है। विगत वर्षों के प्रयासों के धरातल पर उतरने के साथ ही अधिकारियों ने चयनित कृषक के लगभग 25 एकड़ में फैले मखाना खेत का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने फसल की स्थिति का जायजा लिया और किसानों को वैज्ञानिक व तकनीकी विधि से उत्पादन बढ़ाने के गुर सिखाए। इस दौरान समुचित पोषण, जल प्रबंधन और कीट-रोग नियंत्रण जैसे तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

जिला उद्यान पदाधिकारी सुधीर कुमार तिवारी ने मखाना को उच्च मूल्य की नगदी फसल बताते हुए कहा कि विभाग किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और योजनाओं का लाभ दे रहा है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की अपील की।

इस मौके पर प्रखंड उद्यान पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार