निजी अस्पताल से मोबाइल, पर्स और सात हजार रुपये चोरी
किशनगंज, 20 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के पूरबपाली स्थित एक निजी अस्पताल से मोबाइल, पर्स एवं सात हजार रुपये नकद चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना को लेकर गुरुवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पश्चिम बंगाल के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति बुधवार को अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए पूरबपाली स्थित निजी अस्पताल पहुंचे थे।
इसी दौरान अस्पताल से उनकी पत्नी का मोबाइल फोन और सात हजार रुपये नकद चोरी हो गए। इसके अलावा अस्पताल के एक कर्मी का पर्स भी चोरी होने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने किशनगंज सदर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच सहित अन्य बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह