एमएलएसएम महाविद्यालय से निकली भव्य तिरंगा यात्रा

 


दरभंगा, 14 अगस्त (हि.स.)। महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह महाविद्यालय, दरभंगा में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के स्वयंसेवकों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम का नेतृत्व नरेंद्र कुमार नीरज एवं एनएसएस इकाई के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुजीत कुमार साफी ने किया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ और ‘राजा लक्ष्मीश्वर सिंह अमर रहें’ जैसे नारों के साथ राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

यात्रा में महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. नंदकिशोर झा, डॉ. विनय कुमार झा, डॉ. अंजीत चौधरी, डॉ. ज्वाला चंद्र चौधरी, एनसीसी सीटीओ डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. बीणा कुमारी, डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. आशा कुमारी, डॉ. वंदना कुमारी सहित पवन कुमार मिश्रा, अनूप कुमार, कृष्ण कुमार, अकाउंटेंट राहुल कुमार, रंजन कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेतर कर्मी एवं विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शंभु कुमार यादव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं देश के प्रति अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra