बेनीपुर में सड़क निर्माण कार्यों में देरी पर विधायक विनय चौधरी सख्त

 


दरभंगा,04 जून (हि.स.)।

बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है।

उन्होंने सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बातचीत कर स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन-जिन सड़कों का टेंडर पूरा हो चुका है, उन सभी योजनाओं पर एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ किया जाए।

विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रो. चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधायक की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि क्षेत्र की लंबित सड़क योजनाओं पर जल्द कार्य शुरू होगा, जिससे आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra