गंडक नदी के भीषण कटाव को लेकर उप मुख्यमंत्री से मिले विधायक सुरेंद्र प्रसाद

 






पश्चिम चम्पारण (बगहा),19अगस्त(हि.स.)। वाल्मीकिनगर के विधायक सुरेंद्र प्रसाद ने बिहार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर गंडक नदी के भीषण कटाव से उत्पन्न गंभीर स्थिति से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने मधुबनी प्रखंड अंतर्गत चिउरही पंचायत के रेहवहिया, सोहगी बरवा पंचायत के सिसई गांव तथा बगहा-2 प्रखंड के मंगलपुर अवसानी में गंडक नदी के कटाव से गांव, विद्यालय एवं मुख्य सड़कों को हो रहे नुकसान की जानकारी दी।

विधायक ने उप मुख्यमंत्री से इन संवेदनशील क्षेत्रों में कटावरोधी कार्यों के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराने तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे कटाव के कारण ग्रामीणों के समक्ष आवागमन, शिक्षा और सुरक्षित आवास की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है।

विधायक के आग्रह पर उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक सुविधाएं बहाल करने और कटाव की स्थिति पर गंभीरता से निगरानी रखने का आदेश दिया।

विधायक सुरेंद्र प्रसाद ने कहा कि गंडक नदी के कटाव से प्रभावित गांवों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करने और ग्रामीणों को तत्काल राहत एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी